



जरा हट केअंतरिक्ष में बिताएं छुट्टियां
यदि आप 2012 में अंतरिक्ष में छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो वर्जिन गैलेक्टिक नामक कंपनी की वेबसाइट पर अपना टिकट बुक करा सकते हैं हालांकि ये ध्यान रखिएगा कि इसके लिए आपको अपनी जेब जरूरत से ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। एक टिकट की कीमत करीब दो लाख डॉलर (करीब एक करोड़ रुपये) है। अभी तक केवल सात लोगों ने ही अंतरिक्ष की यात्रा की है लेकिन इस साल यह ट्रेंड बदल जाएगा, क्योंकि वर्जिन गैलेक्टिक कंपनी ने एक रॉकेटनुमा हवाईजहाज तैयार किया है, जो अंतरिक्ष की यात्रा कराएगा। ढाई घंटे की इस यात्रा में यात्री पांच मिनट ही वजनहीनता को महसूस करेंगे। वर्जिन गैलेक्टिक कंपनी के मालिक रिचर्ड ब्रेंसन के मुताबिक इस साल वह और उनके बेटा-बेटी अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले व्यक्ति होंगे। वैसे भविष्य में अंतरिक्ष यात्रा के लिए दो अन्य कंपनियां भी मैदान में कूद चुकी हैं। अलियांज नामक बीमा कंपनी ने भी अंतरिक्ष यात्रियों का बीमा करना शुरू कर दिया है।
घर बैठे-बैठे नौकरीमुंबई की रहने वाली अनिता गुहा पिछले दस साल से ऑफिस का काम घर से कर रही हैं यानी उन्हें ऑफिस जाने की कोई जरूरत नहीं है। ऐसा वे अपने दूसरे बच्चे के जन्म के बाद से कर रही हैं। दरअसल अपनी नौकरी की खातिर अनिता अपने बच्चों को मिस नहीं करना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने घर पर रहकर ही आइबीएम कंपनी के लीडरशिप डेवलपमेंट प्रोगाम के लिए काम करने लगीं। इसी तरह जूनिपर कंपनी में कार्यरत सरिता राघवन जब गर्भवती थीं तो डॉक्टर ने उन्हें अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी लेकिन उनके सामने दिक्कत ये थी कि वह घर पर अपना वक्त किसके साथ काटें, क्योंकि उनके माता-पिता केरल में रहते थे और पति अपने काम में व्यस्त रहते थे लेकिन उनकी कंपनी ने उन्हें घर से ही काम करने की इजाजत दे दी। दरअसल अब घर बैठकर ही नौकरी करने का जमाना है यानी ऑफिस आने की कोई जरूरत नहीं है। भारत में सबसे पहले इस ट्रेंड की शुरुआत आइबीएम कंपनी ने की थी लेकिन अब इसे और कंपनियां भी आजमाने लगी हैं। गूगल और एचपी भी अपने कर्मचारियों को ऐसी छूट दे रही है। महिलाओं के साथ-साथ पुरुष भी ऐसे ऑफर सहज स्वीकार कर रहे हैं। दरअसल इससे ऑफिस आने-जाने में होने वाली समय की बर्बादी नहीं होती है। |


